डब्ल्यूजेएआई के सात वर्ष - निष्पक्ष और जिम्मेदार डिजिटल पत्रकारिता की मिसाल
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेएआई) ने अपने सात वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसमे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी शामिल है। इन सात वर्षों में संगठन से जुड़े किसी भी पोर्टल के खिलाफ न तो किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत दर्ज हुई और न ही किसी गलत खबर को लेकर कोई आरोप लगा। यह उपलब्धि न केवल संगठन की विश्वसनीयता को दर्शाती है, बल्कि पत्रकारिता के उच्चतम आचार संहिता के पालन का भी प्रमाण है।
डिजिटल मीडिया एथिक्स 2021 और SRB की भूमिका
भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा डिजिटल मीडिया के लिए बनाए गए नियमों के तहत डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड 2021 लागू किया गया। इस कानून का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदार, संतुलित और तथ्यपरक पत्रकारिता सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में बतौर SRB (Self-Regulatory Body) “वेब जर्नलिस्ट स्टैंडर्ड अथॉरिटी” को अधिकृत किया गया, जो डब्ल्यूजेएआई के अंतर्गत संचालित है। मंत्रालय के निर्देशानुसार भारत में संचालित सभी न्यूज़ वेबसाइटों को SRB के अंतर्गत कार्य करने का प्रावधान किया गया। डब्ल्यूजेएआई की SRB से देश के अनेक पोर्टल जुड़े और समय-समय पर मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते रहे हैं।
कैसे काम करता है SRB ?
SRB व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक पंजीकृत न्यूज़ पोर्टल को अपनी वेबसाइट पर Grievance Redressal हेतु संपर्क नंबर और ईमेल आईडी जारी करना अनिवार्य है। यदि किसी प्रकाशित खबर पर शिकायत प्राप्त होती है, तो पहले स्तर पर शिकायतकर्ता और प्रकाशक के बीच सत्यता की जांच और समाधान का प्रयास किया जाता है।
यदि किसी पक्ष को संतोषजनक समाधान नहीं मिलता, तो मामला SRB के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है। मंत्रालय द्वारा नामित SRB सदस्य मामले की निष्पक्ष जांच कर सुनवाई करते हैं और आवश्यक निर्णय लेते हैं। यदि यहाँ भी कोई समाधान नहीं निकलता है तो शिकायतकर्ता मंत्रालय जाने को स्वतंत्र होगा। यह व्यवस्था पारदर्शिता, जवाबदेही और पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने में सहायक है।
सात वर्षों में शून्य शिकायत- संगठन के लिए गर्व का क्षण
यह संगठन के लिए अत्यंत गर्व की बात है कि सात वर्षों के बाद भी किसी भी सदस्य पोर्टल के खिलाफ खबर को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई। यह उपलब्धि दर्शाती है कि डब्ल्यूजेएआई से जुड़े सभी पत्रकार और संपादक सत्य, संतुलन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
डब्ल्यूजेएआई के अध्यक्ष आनंद कौशल ने कहा कि “सात वर्षों तक बिना किसी शिकायत के कार्य करना हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता और नैतिक मूल्यों का परिणाम है। हमने हमेशा तथ्य आधारित और संतुलित पत्रकारिता को प्राथमिकता दी है। आने वाले समय में भी हम डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता को और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।”
डब्ल्यूजेएआई की उपाध्यक्ष डॉ. लीना का कहना है कि “डब्ल्यूजेएआई की भूमिका एक ऐसे सक्रिय अभिभावक की तरह है जो सदस्यों का न सिर्फ समय पर उचित मार्गदर्शन करता है बल्कि जरूरत के समय उनके साथ मजबूती से खड़ा भी रहता है”।
महासचिव अमित रंजन ने कहा कि “डिजिटल मीडिया एथिक्स 2021 के तहत SRB की सक्रिय भूमिका ने पारदर्शिता को मजबूत किया है। हमारे सभी सदस्य पोर्टल नियमों और आचार संहिता का सख्ती से पालन करते हैं। यही कारण है कि आज तक किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई है।”
महासचिव मधुप मणि पिक्कू ने कहा कि “डब्ल्यूजेएआई का उद्देश्य केवल डिजिटल पत्रकारों को सम्मान या उनके अधिकार के लिए खड़ा होना नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना है। सात वर्षों की यह उपलब्धि हमारे सदस्यों की निष्ठा और पेशेवर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम आगे भी पत्रकारिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए जनविश्वास को मजबूत करेंगे।”
SRB से कैसे जुड़ें
भारत से संचालित कोई भी न्यूज़ पोर्टल यदि भारत सरकार के मीडिया एथिक्स का पालन करते हैं तो उन्हें किसी भी अधिकृत SRB से जुड़कर पत्रकारिता के उच्च मानकों का पालन करना होगा। इसके लिए उन्हें वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के वेबसाइट https://wjai.in/ पर जाकर संपर्क नंबर से या मेल आईडी से संपर्क कर सकते हैं।

